सोना-चांदी की कीमतें फिसली, ब्याज दरों में बढ़ोतरी की सुगबुगाहट से ₹1.50 लाख के नीचे आया गोल्ड
Business News

सोना-चांदी की कीमतें फिसली, ब्याज दरों में बढ़ोतरी की सुगबुगाहट से ₹1.50 लाख के नीचे आया गोल्ड

28-Sep-2026

Gold-Silver Price में गिरावट देखी जा रही है। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और अमेरिकी ब्याज दरों में बढ़ोतरी के अनुमानों के बीच सोना MCX पर 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम से नीचे आ गया है।


Gold-Silver Price: अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में गतिरोध के कारण कच्चे तेल की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं। इसने फेडरल रिजर्व की ओर से आगे ब्याज दरों में बढ़ोतरी की उम्मीद को और मजबूत बना दिया है। नतीजतन, सोमवार (28 सितंबर) को सोने चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट देखी गई। ग्लोबल मार्केट कॉमेक्स पर सोने का वायदा भाव 4,2,30 डॉलर प्रति औंस तक लुढ़ककर 7 सप्ताह के निचले स्तर तक आ गया। वहीं, चांदी 62.50 डॉलर प्रति औंस के नीचे लुढ़क गई। घरेलू मार्केट MCX पर खबर लिखे जाने के समय सोने के वायदा भाव 1.50 लाख रुपये से नीचे, जबकि चांदी के भाव 2.30 लाख रुपये से नीचे गिर गए।

सोना हुआ सस्ता

सोने के वायदा भाव की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। MCX पर सोने का बेंचमार्क अक्टूबर कॉन्ट्रैक्ट 751 रुपये की गिरावट के साथ 1,50,100 रुपये के भाव पर खुला। पिछला बंद भाव 1,50,851 रुपये था। खबर लिखे जाने के समय यह कॉन्ट्रैक्ट 2,781 रुपये की गिरावट के साथ 1,48,100 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहा था। सोने के वायदा भाव ने इस साल 1,80,779 रुपये के भाव पर सर्वोच्च स्तर छू लिया था।

चांदी भी फिसली

चांदी के वायदा भाव की शुरुआत सुस्त रही । MCX पर चांदी का बेंचमार्क दिसंबर कॉन्ट्रैक्ट 2,396 रुपये की गिरावट के साथ 2,32,300 रुपये पर खुला। पिछला बंद भाव 2,34,696 रुपये था। खबर लिखे जाने के समय यह कॉन्ट्रैक्ट 6,146 रुपये की गिरावट के साथ 2,28,550 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहा था। चांदी के वायदा भाव ने इस साल 4,20,048 रुपये किलो के भाव पर सर्वोच्च स्तर छू लिया।

ग्लोबल मार्केट में सोना चांदी लुढ़के

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने चांदी के वायदा भाव सुस्ती के साथ कारोबार कर रहे हैं। कॉमेक्स पर सोना 4,315 डॉलर प्रति औंस के भाव पर खुला। पिछला क्लोजिंग प्राइस 4,321.20 डॉलर प्रति औंस था। खबर लिखे जाने के समय यह 96.60 डॉलर की गिरावट के साथ 4,224.60 डॉलर प्रति औंस के भाव पर कारोबार कर रहा था। सोने के भाव ने इस साल 5,586.20 डॉलर के भाव पर सर्वोच्च स्तर छू लिया।

कॉमेक्स पर चांदी के वायदा भाव 64.66 डॉलर के भाव पर खुले। पिछला क्लोजिंग प्राइस 64.80 डॉलर था। खबर लिखे जाने के समय यह 2.40 डॉलर की गिरावट के साथ 62.40 डॉलर प्रति औंस के भाव पर कारोबार कर रहा था। इसके भाव ने इस साल 121.79 डॉलर का उच्चतम स्तर छू लिया।

सोने चांदी पर क्यों बना हुआ दबाव?

जियोटस डॉट कॉम के सीईओ विक्रम सुब्बुराज ने कहा कि ऊंची तेल कीमतों से महंगाई की चिंता बढ़ी है, जिससे अमेरिका में आगे ब्याज दर बढ़ने की आशंका बनी हुई है। मजबूत डॉलर और ऊंची ब्याज दरें सोने जैसे बिना ब्याज वाले निवेश पर दबाव डाल सकती हैं। भारतीय निवेशकों के लिए रुपये की चाल भी महत्त्वपूर्ण रहेगी। इस सप्ताह अमेरिकी महंगाई और रोजगार आंकड़ों के साथ तेल, डॉलर और भू-राजनीतिक घटनाक्रम पर नजर रहेगी।

पीएल कैपिटल के कमोडिटीज प्रमुख अशीष राजोदिया ने कहा, “अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड में तेज उछाल के कारण सुरक्षित निवेश की मांग के बावजूद सोने पर दबाव बढ़ा है और इसकी कीमत गिरकर 1,50,500 रुपये पर आ गई है। अमेरिका में 10 साल की बॉन्ड यील्ड 5.13 फीसदी और 30 साल की यील्ड 5.44 फीसदी पर पहुंच गई है। मजबूत आर्थिक आंकड़ों, महंगे कच्चे तेल और अमेरिका-ईरान तनाव के कारण महंगाई बढ़ने की आशंका के बीच बाजार अक्टूबर में फेड की ओर से ब्याज दर में 25 आधार अंक की बढ़ोतरी की 68.1 फीसदी संभावना मान रहा है। ऊंची बॉन्ड यील्ड और मजबूत डॉलर सोने पर दबाव डाल रहे हैं। सोने के लिए 1,48,000 और 1,46,000 रुपये पर सपोर्ट, जबकि 1,52,500 और 1,55,000 रुपये पर रेजिस्टेंस है। आगे सोने की चाल फेड के फैसले और अमेरिका-ईरान बातचीत पर निर्भर करेगी। फेड का नरम रुख या बातचीत में प्रगति सोने में तेजी ला सकती है, जबकि सख्त रुख या बातचीत अटकने पर कीमतें निचले सपोर्ट स्तर की ओर जा सकती हैं।”

किन स्तरों पर रखें नजर?

केडिया एडवाइजरी के निदेशक अजय केडिया के मुताबिक आज सोने में 1,49,505 से 1,52,685 रुपये के दायरे में कारोबार रहने की संभावना है। वहीं चांदी में आज का दायरा 2,29,965 से 2,39,565 रुपये प्रति किलो रह सकता है।

बाजारकमोडिटीओपनपिछला बंदLTP
MCXसोना₹1,50,100₹1,50,851₹1,48,100
MCXचांदी₹2,32,300₹2,34,696₹2,28,550
कॉमेक्ससोना$4,315$4,321.20$4,224.60
कॉमेक्सचांदी$64.66$64.80$62.40

(नोट: mcx में सोने के वायदा भाव रुपये प्रति 10 ग्राम, चांदी रुपये प्रति किलो में हैं। कॉमेक्स में दोनों के वायदा भाव डॉलर प्रति ओंस में हैं। लास्ट ट्रेडिंग प्राइस (LTP) खबर लिखे जाने के समय तक के हैं)