भारतीय मैंस क्रिकेट टीम के कोच गौतम गंभीर ने युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी से धैर्य रखने को कहा है. उन्होंने कहा कि उन्हें अपने मौक़े का इंतज़ार करना होगा. टी-20 में भारत अभी ऊपरी क्रम में ज़्यादा अनुभव
गुरुवार को अफ़गानिस्तान के ख़िलाफ़ दिल्ली में भारत की जीत के बाद गंभीर ने सूर्यवंशी को ये मैसेज दिया. भारत ने तीन मैचों की टी-20 सिरीज़ 3-0 से अपने नाम कर ली.
इस मैच में भी, सिरीज़ के पहले दो मैचों की तरह सूर्यवंशी बाहर बैठे रहे. वहीं, उनके साथी सलामी बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा ने रिकॉर्ड बना दिया. उन्होंने टी-20 इंटरनेशनल में अब तक का तीसरा सबसे तेज़ शतक लगाया. भारत ने इस मैच में अफ़ग़ानिस्तान को 127 रन से हराया.
इस पूरी सिरीज़ में गंभीर ने अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन को पारी की शुरुआत करने का मौक़ा दिया. दोनों ने शानदार प्रदर्शन किया. तीन मैचों की सिरीज़ में दोनों टीमों की ओर से सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले टॉप 2 बैट्समैन भी यही रहे.
इसका मतलब कि सूर्यवंशी को अपने मौक़े के लिए इंतज़ार करना पड़ेगा क्योंकि कोच गंभीर ने संकेत दिया कि कुछ समय तक यही स्थिति बनी रह सकती है.
पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ़्रेंस में गंभीर ने कहा, "वैभव के मामले में हमारी बात बिल्कुल साफ़ थी. उसे अपने मौक़े का इंतज़ार करना होगा. हम जानते हैं कि उसमें कितना टैलेंट है और वह क्या कर सकता है. लेकिन जो खिलाड़ी पिछले दो-तीन साल से लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है, वह उस खिलाड़ी से आगे रहेगा जिसने अभी टीम में जगह बनाई है."
गंभीर ने कहा, "जब वैभव को मौक़ा मिलेगा, तो उसे लगातार कई मैच खेलने का मौक़ा भी मिलेगा. भारतीय क्रिकेट में यही होता है. हम टीम में प्रतिस्पर्धा और टैलेंट चाहते हैं. लेकिन क्रिकेट ऐसे ही चलता है. आप 15 साल के हों या 30 साल के. जब आपको अपने मौक़े का इंतज़ार करना हो, तो इंतज़ार करना ही पड़ता है."